Homeउत्तर प्रदेशसावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ यूपी, काशी से प्रयागराज और...

सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ यूपी, काशी से प्रयागराज और मेरठ तक मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

सावन के पहले सोमवार पर उत्तर प्रदेश पूरी तरह शिवमय नजर आया। वाराणसी के श्रीकाशी विश्वनाथ धाम, प्रयागराज के मनकामेश्वर मंदिर और मेरठ के प्रमुख शिवालयों में भोर से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी।

वाराणसी के श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में मंगला आरती के बाद कपाट खुलते ही दर्शन के लिए करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। बाबा विश्वनाथ के विशेष श्रृंगार के साथ श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर जलाभिषेक किया। सावन के पहले सोमवार पर बाबा को जल चढ़ाने की सदियों पुरानी परंपरा निभाने के लिए 50 हजार से अधिक यादव समाज के श्रद्धालु भी पहुंचे। मंदिर प्रशासन और वाराणसी मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया, जबकि पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई।

काशी में समाजवादी पार्टी की ओर से विश्वनाथ धाम जाने वाले मार्ग पर सेवा शिविर लगाया गया, जहां विभिन्न धर्मों के लोगों ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था की। शिवभक्तों ने इस पहल का स्वागत किया।

प्रयागराज के यमुना तट स्थित प्राचीन मनकामेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ी। ब्रह्ममुहूर्त में महंत श्रीधरानंद जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष रुद्राभिषेक और श्रृंगार किया। मंदिर खुलते ही श्रद्धालुओं की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। इस वर्ष मंदिर प्रबंधन ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक और पॉलीथिन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। गर्भगृह में प्रवेश के लिए पारंपरिक भारतीय परिधान भी अनिवार्य किए गए हैं।

मेरठ में भी सावन के पहले सोमवार पर हजारों श्रद्धालु तड़के से ही शिव मंदिरों में दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच गए। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों, एटीएस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की तैनाती की गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular