Homeउत्तर प्रदेशशाहजहांपुर में फर्जी ब्रिगेडियर गिरफ्तार, सेना की वर्दी और नकली पहचान पत्र...

शाहजहांपुर में फर्जी ब्रिगेडियर गिरफ्तार, सेना की वर्दी और नकली पहचान पत्र बरामद

शाहजहांपुर। स्टेशन मुख्यालय शाहजहांपुर द्वारा पूर्व सैनिकों के सहयोग से चलाए गए एक सुनियोजित अभियान में एक फर्जी ब्रिगेडियर को गिरफ्तार किया गया है, जो खुद को भारतीय सेना का वरिष्ठ अधिकारी बताकर घूम रहा था।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 21 वर्षीय आर्यन वर्मा के रूप में हुई है। वह ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर टाटा हैरियर कार में यात्रा कर रहा था, जिस पर वन-स्टार प्लेट और सेना मुख्यालय का ध्वज भी लगा हुआ था। उसके पास से कथित फर्जी पहचान पत्र, पिस्टलनुमा हथियार, एएमसी रेजिमेंटल केन और सेना से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, पिछले करीब दो महीनों से संदिग्ध व्यक्ति के इलाके में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी बनकर घूमने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद प्रशासनिक कमांडेंट कर्नल जे.एस. जगलान ने पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर उसकी गतिविधियों की पुष्टि और पकड़ने की योजना बनाई।

इसी योजना के तहत आरोपी को एक विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया, जहां शाहिद संग्रहालय में उसकी पहचान की पुष्टि होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान उसके दो साथी भी मौजूद थे, जो एनएसजी कमांडो जैसी वेशभूषा में दिखाई दिए।

पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों को गिरफ्तार कर बरामद सामग्री के साथ सदर थाना शाहजहांपुर को सौंप दिया है। सेना ने इस कार्रवाई को सतर्कता और समन्वय का उदाहरण बताते हुए कहा है कि वर्दी और सैन्य प्रतीकों के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular