न्यूज़ डेस्क- शामली
शामली। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शूटर मारे गए। मृतकों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी मोहित और सुमित के रूप में हुई है। मुठभेड़ में स्वॉट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
एसपी एनपी सिंह के अनुसार, सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर शामली की ओर आ रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस की कई टीमें सक्रिय की गईं। पुलिस के मुताबिक, बदमाश मन्ना माजरा की ओर भागे और होटल राजमहल के पास पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में एक गोली पुलिस वाहन में लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हथियार और अन्य सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक, मौके से दो पिस्टल, 10 जिंदा और नौ खोखा कारतूस, 30 बोर की एक पिस्टल, 16 जिंदा और छह खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा बाइक, बैग, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, मोहित के खिलाफ हरियाणा में करीब 14 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुमित के खिलाफ एक मामला दर्ज बताया गया है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
