सिधौली/सीतापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिधौली के डॉक्टरों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। डॉक्टरों की टीम ने 36 वर्षीय महिला के शरीर से 3.6 किलोग्राम का ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया।
मरीज शशी यादव, निवासी बलदेवपुर, थाना अटरिया, लंबे समय से इस बीमारी से परेशान थीं। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं है। वहीं उनके पति शिव पूजन यादव ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं।
डॉ. अमिता त्रिपाठी और उनकी टीम ने पूरी सावधानी के साथ ऑपरेशन किया। कई घंटों की मेहनत के बाद ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
सीएचसी सिधौली के अधीक्षक डॉ. आनंद सिंह ने बताया कि अस्पताल की टीम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है।
इस सफल ऑपरेशन के बाद क्षेत्र के लोगों ने डॉक्टरों की टीम की सराहना की है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में भी अब बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है।
