गोरखपुर गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा और गोसेवा की।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन के बाद उन्होंने गायों और गोवंश को माला पहनाई, तिलक लगाया और अपने हाथों से गुड़-केला खिलाया। इस दौरान सीएम योगी ने गायों को नाम लेकर पुकारा और उन्हें दुलार भी किया।

पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और सभी गोपालकों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गाय की हर हाल में रक्षा करनी है। साथ ही गोवंश की नस्ल सुधार और संरक्षण के जरिए पशुपालकों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में भी काम करना होगा।
7,700 से अधिक गोशालाओं में हो रहा गोवंश संरक्षण
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गोसंरक्षण और गोसंवर्धन के लिए 7,700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से काम कर रही है। इन गोशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि सरकार की सहभागिता योजना के तहत किसान निराश्रित गोआश्रय स्थल से गाय लेकर उनका पालन कर सकते हैं। इसके लिए सरकार प्रति गाय हर महीने 1,500 रुपये देती है। एक किसान अधिकतम चार गाय रख सकता है, जिससे उसे हर महीने 6,000 रुपये तक की अतिरिक्त सहायता मिल सकती है।
इसके अलावा कुपोषित परिवारों को दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी निराश्रित गोआश्रय स्थल से ब्याई हुई गाय उपलब्ध कराई जाती है। इसके पालन-पोषण के लिए परिवार को प्रति गाय हर महीने 1,500 रुपये दिए जाते हैं।
सरकार का लक्ष्य, सड़क पर न दिखे निराश्रित गोवंश
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोसंरक्षण को लेकर सरकार का उद्देश्य स्पष्ट है कि गाय सड़कों पर न रहे और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचाए। ग्रामीण क्षेत्रों में गोआश्रय स्थलों का संचालन पशुपालन विभाग और नगरीय क्षेत्रों में कान्हा उपवन के माध्यम से नगर विकास विभाग करता है।
उन्होंने कहा कि भारत कृषि और ऋषि परंपरा वाला देश है और यहां गाय का धार्मिक एवं कृषि जीवन में विशेष महत्व रहा है। गोवर्धन पूजा इसी परंपरा का हिस्सा है। सीएम योगी ने कहा कि गोसेवा और गोवंश संरक्षण की परंपरा को आगे बढ़ाने से समाज में सुख-समृद्धि का वातावरण बनता है।
हर परिवार निकाले गाय और श्वान के लिए ग्रास
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से भारतीय परंपरा के अनुसार गोसेवा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पहला ग्रास गाय और अंतिम ग्रास श्वान के लिए निकालने की व्यवस्था रही है। जो लोग गाय नहीं पाल सकते, वे गोशालाओं में सहयोग कर गोसेवा से जुड़ सकते हैं।
