Homeउत्तर प्रदेशसपा के पीडीए वृक्षारोपण अभियान के तहत औरैया में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण...

सपा के पीडीए वृक्षारोपण अभियान के तहत औरैया में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

औरैया: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर चलाए जा रहे पीडीए वृक्षारोपण अभियान के तहत गुरुवार को औरैया के जाना कस्बा स्थित ऐतिहासिक पंच पोखर आश्रम में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने किया।

इस दौरान सर्वेश बाबू गौतम ने कार्यकर्ताओं के साथ पौधे लगाए और कहा कि 1 जुलाई से 7 जुलाई तक प्रदेशभर में यह अभियान विधानसभा, सेक्टर, बूथ और गांव स्तर तक चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है और हर व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए अभियान केवल सामाजिक न्याय और समानता का संदेश ही नहीं देता, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में पंच पोखर आश्रम के महंत श्री श्री 1008 दयालू दास जी महाराज ने आश्रम के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह स्थान पांडवकालीन जनमेजय नगरी के रूप में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि मान्यता है कि राजा जनमेजय ने यहीं सर्पमेध यज्ञ कराया था और स्थानीय लोगों की आस्था है कि इस क्षेत्र में सर्पदंश से किसी की मृत्यु नहीं होती।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर महंत दयालू दास जी, रामरतन, हरीशंकर यादव, नितिन यादव सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular