Homeक्राइमनिठारी कांड से जुड़े सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत, चाय की...

निठारी कांड से जुड़े सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत, चाय की दुकान पर फंदे से लटका मिला शव

रिपोर्ट- न्यूज डेस्क,हरिद्वार

हरिद्वार। नोएडा के बहुचर्चित निठारी कांड से जुड़े रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को उत्तरी हरिद्वार के सप्त सरोवर रोड स्थित लाल माता मंदिर के सामने एक चाय की दुकान पर उसका शव फंदे से लटका मिला। कोली की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के मंगरुखला गांव का रहने वाला था।

तीन दिन पहले हरिद्वार पहुंचा था कोली

जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र कोली करीब तीन दिन पहले ही हरिद्वार आया था। वह परिवार से अलग रह रहा था और एक चाय की दुकान पर काम कर रहा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने कोली के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। उसके भाई से भी संपर्क किया गया है। फिलहाल पुलिस मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

निठारी केस के सभी मामलों में हो चुका था बरी

सुरेंद्र कोली की मौत उस समय हुई है, जब निठारी कांड से जुड़े उसके खिलाफ सभी लंबित मामले कानूनी तौर पर समाप्त हो चुके थे। नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने उसकी क्यूरेटिव याचिका स्वीकार करते हुए आखिरी लंबित मामले में उसकी दोषसिद्धि रद्द कर दी थी और उसे बरी कर दिया था।

इससे पहले निठारी कांड से जुड़े 12 अन्य मामलों में भी उसकी दोषसिद्धियां अदालतों द्वारा खत्म की जा चुकी थीं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले में अभियोजन के साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से जुड़ी कानूनी कमियों पर भी विचार किया गया था।

2006 में सामने आया था निठारी कांड

निठारी कांड दिसंबर 2006 में सामने आया था। नोएडा के निठारी इलाके में कारोबारी मोनिंदर सिंह पंढेर के घर के आसपास मानव अवशेष मिलने के बाद यह मामला देशभर में चर्चा में आया था। सुरेंद्र कोली इसी मकान में घरेलू सहायक के तौर पर काम करता था।

मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी और इसके बाद कई अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए। शुरुआती दौर में कोली को कई मामलों में दोषी ठहराया गया और मौत की सजा भी सुनाई गई थी। हालांकि, बाद में अलग-अलग अदालतों में उसकी कई सजाएं खत्म हो गईं और नवंबर 2025 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उसके खिलाफ निठारी से जुड़ा आखिरी लंबित मामला भी समाप्त हो गया।

मौत की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस

हरिद्वार पुलिस अब सुरेंद्र कोली की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular