Homeउत्तर प्रदेशशिक्षक कैशलेस योजना में 5.23 लाख की ई-केवाईसी पूरी

शिक्षक कैशलेस योजना में 5.23 लाख की ई-केवाईसी पूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर शुरू की गई मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को प्रदेश में तेजी से लागू किया जा रहा है।

योजना के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में शुभारंभ के महज 22 दिनों के भीतर 5.23 लाख से अधिक शिक्षक-कार्मिकों और उनके आश्रितों की ई-केवाईसी पूरी कर ली गई है। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग में योजना शुरू होने के चार दिनों के भीतर ही लगभग 47 प्रतिशत पात्र लाभार्थियों ने ई-केवाईसी पूरी कर ली है।

सरकार के अनुसार, तीनों शिक्षा विभागों के कुल 12,89,018 पात्र लाभार्थियों में से अब तक 5,40,878 शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रित योजना से जुड़ चुके हैं। ई-केवाईसी पूरी होने के बाद लाभार्थियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 फरवरी 2026 को विधानसभा के शीतकालीन सत्र में शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा की थी। इसके बाद शासन ने योजना का प्रारूप, ऑनलाइन पोर्टल, सूचीबद्ध अस्पतालों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को तय समय में पूरा किया। 8 जुलाई को वाराणसी से बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए योजना का शुभारंभ किया गया, जबकि 26 जुलाई को आगरा से उच्च शिक्षा विभाग को भी इसमें शामिल कर लिया गया।

बेसिक शिक्षा विभाग में 11,03,464 पात्र लाभार्थियों में से 4,57,390 ने ई-केवाईसी पूरी कर ली है। माध्यमिक शिक्षा विभाग में 1,47,543 पात्र लाभार्थियों में से 65,754 शिक्षक-कार्मिक योजना से जुड़ चुके हैं। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग में 38,011 पात्र लाभार्थियों में से चार दिनों के भीतर 17,734 ने ई-केवाईसी पूरी कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।

महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने बताया कि योजना का क्रियान्वयन मिशन मोड में किया जा रहा है।

सभी जिलों और शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक पात्र शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रित की ई-केवाईसी समयबद्ध तरीके से पूरी कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular