Homeबिहारतेज प्रताप यादव करेंगे एक्टर राजपाल यादव की आर्थिक मदद, 11 लाख...

तेज प्रताप यादव करेंगे एक्टर राजपाल यादव की आर्थिक मदद, 11 लाख रुपये देने का ऐलान

पटना: बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरे और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के परिवार की आर्थिक मदद करने का ऐलान किया है। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि वे 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राजपाल यादव के परिवार को प्रदान करेंगे।

फेसबुक पोस्ट के जरिए दी जानकारी

तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा कि उन्हें अपने बड़े भाई राव इंद्रजीत यादव की पोस्ट के माध्यम से राजपाल यादव के परिवार की पीड़ा की जानकारी मिली।उन्होंने लिखा,“इस अत्यंत कठिन समय में मैं और मेरा पूरा जनशक्ति जनता दल परिवार उनके शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना और मजबूती से खड़ा है। मानवीय करुणा और सहयोग की भावना से 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।”

आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं राजपाल यादव

गौरतलब है कि हिंदी फिल्मों में अपनी कॉमिक एक्टिंग से दर्शकों को हंसाने वाले अभिनेता राजपाल यादव इस समय गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। एक पांच करोड़ रुपये के लोन से जुड़े मामले में उन्होंने 6 फरवरी को कोर्ट के आदेश के बाद आत्मसमर्पण किया था और फिलहाल जेल में बंद हैं।

भावुक बयान हुआ था वायरल

जेल में सरेंडर से पहले राजपाल यादव का एक भावुक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि पैसों की भारी तंगी के चलते उन्हें कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा और मदद के लिए कोई दोस्त भी सामने नहीं है।

सोनू सूद ने भी बढ़ाया मदद का हाथ

राजपाल यादव की मुश्किल घड़ी में अभिनेता सोनू सूद ने भी सहायता का हाथ बढ़ाया है। सोनू सूद ने एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम के जरिए राजपाल यादव को एक फिल्म में काम देने और साइनिंग अमाउंट के रूप में आर्थिक मदद देने की पेशकश की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular