रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। राजधानी के ट्रिपल मर्डर केस में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनों मृतकों के अंतिम संस्कार के बाद मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने आरोपी के मकान को सील कर दिया, जबकि नगर निगम ने अवैध निर्माण और बाउंड्री वॉल को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। वहीं, घटना से पहले शिकायत मिलने के बावजूद कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में सआदतगंज इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
आरोपी की कार जब्त, छह पर कार्रवाई
पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला की कार को क्रेन से उठवाकर सआदतगंज थाने पहुंचा दिया। पुलिस के मुताबिक, ऋषभ को गिरफ्तार करने के बाद उसके पास से एक देसी पिस्टल, छह कारतूस, छह खोखे और दो मैगजीन बरामद की गई हैं।
इस मामले में आरोपी के पिता दिनेश शुक्ला, चाचा सतीश और गिरीश शुक्ला तथा बहनें प्रिया और अदिति को भी गिरफ्तार किया गया। सभी को प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार दो अन्य चाचाओं की तलाश में जुटी है। इसके लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं।
लापरवाही पर इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी सस्पेंड
ट्रिपल मर्डर की घटना से पहले पुलिस को शिकायत दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया। इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी।
मामले में पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने सआदतगंज के इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी दरोगा अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर उठे सवालों के बीच यह कदम उठाया गया है।
पीड़ित परिवार को नौकरी और सुरक्षा का आश्वासन
घटना के बाद अशरफाबाद चौराहे पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया। इस बीच उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी मांगों पर आश्वासन दिया।
उपमुख्यमंत्री ने परिवार के एक सदस्य को नगर निगम में ओएसडी के पद पर नौकरी देने, पीड़ित बेटी की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने तथा परिवार को आजीवन सुरक्षा और आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इसके बाद गुलालाघाट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
प्रशासन की कार्रवाई जारी
ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। एक तरफ फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ शिकायत पर कार्रवाई में कथित लापरवाही को लेकर पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है। पीड़ित परिवार को दिए गए आश्वासनों और प्रशासनिक कार्रवाई के आगे के कदमों पर भी नजर बनी हुई है।
