लखनऊ। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार परीक्षा में इस्तेमाल होने वाली उत्तर पुस्तिकाओं में बदलाव किया जा रहा है। अब उत्तर पुस्तिका में दो मुख्य कवर की जगह केवल एक मुख्य कवर होगा। इसके साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं का रंग भी बदला जाएगा।
2026 में लाल रंग की थी उत्तर पुस्तिका
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार, वर्ष 2026 की परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं का रंग लाल रखा गया था। वर्ष 2027 की परीक्षा में विद्यार्थियों को अलग रंग की उत्तर पुस्तिकाएं दी जाएंगी। हालांकि, नए रंग की जानकारी अभी गोपनीय रखी गई है।
पिछली परीक्षा में उत्तर पुस्तिका में दो मुख्य कवर लगाए गए थे। ऑनलाइन मूल्यांकन की तैयारियों को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई थी।
पहले पेज पर छात्र और दूसरे पर परीक्षक की जानकारी
पिछली व्यवस्था में उत्तर पुस्तिका के पहले मुख्य पेज पर परीक्षार्थी अपना रोल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी भरते थे। वहीं, दूसरे पेज पर परीक्षक मूल्यांकन के बाद प्राप्त अंक दर्ज करते थे।
ऑनलाइन मूल्यांकन की तैयारी के चलते मुख्य कवर को दो हिस्सों में रखा गया था। अब यूपी बोर्ड ने इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए उत्तर पुस्तिका में केवल एक मुख्य कवर रखने का निर्णय लिया है।
तीन करोड़ से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं होंगी तैयार
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह के मुताबिक, हाईस्कूल के प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए छह और इंटरमीडिएट के प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए पांच उत्तर पुस्तिकाओं की जरूरत होती है। इसके अलावा करीब 10 प्रतिशत विद्यार्थियों के लिए बी कॉपी की व्यवस्था भी की जाती है।
इसी के आधार पर वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए तीन करोड़ से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं छपवाई जा रही हैं।
उत्तर पुस्तिका में बदलाव की नहीं होगी गुंजाइश
नई व्यवस्था के तहत उत्तर पुस्तिका का मुख्य कवर एक ही रखा जाएगा। बोर्ड की ओर से किए जा रहे इस बदलाव का उद्देश्य परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित रखना है। परीक्षार्थियों को दी जाने वाली उत्तर पुस्तिका में किसी तरह का बदलाव करने की अनुमति नहीं होगी।
