उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम 23 अप्रैल को अपराह्न 4:00 बजे घोषित किया जाएगा। रिजल्ट परिषद मुख्यालय, प्रयागराज से जारी होगा।
परीक्षार्थी अपना परिणाम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिलॉकर पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आसानी से देख सकेंगे।
50 लाख से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच 8033 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गईं। हाईस्कूल में लगभग 26.02 लाख और इंटरमीडिएट में 24.91 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए।
परीक्षाओं के बाद 254 मूल्यांकन केंद्रों पर करीब 2.75 करोड़ उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल के बीच मात्र 15 कार्य दिवसों में पूरा किया गया।
मूल्यांकन प्रक्रिया को त्रुटिहीन बनाने के लिए प्रधानाचार्यों और वरिष्ठ प्रवक्ताओं को अंकेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया।
नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली
योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, तकनीक आधारित और समयबद्ध बनाया गया है।
सरकार की सख्त निगरानी के चलते परीक्षाएं नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं, जिससे एक नया मानक स्थापित हुआ है।
स्क्रूटनी और कंपार्टमेंट की सुविधा उपलब्ध
परिषद के सचिव भगवती सिंह ने छात्रों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिणाम के बाद यदि कोई छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं है, तो वह स्क्रूटनी और कंपार्टमेंट की सुविधा का लाभ उठा सकता है।
अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों का मनोबल बनाए रखें और उन्हें सकारात्मक सहयोग दें।
