HomeUncategorizedयूपी बोर्ड छात्रों को दूसरा मौका, इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए...

यूपी बोर्ड छात्रों को दूसरा मौका, इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए 27 जून तक करें आवेदन

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट/कम्पार्टमेंट और इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। पात्र छात्र-छात्राएं 6 जून से 27 जून की मध्यरात्रि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

योगी सरकार की ओर से विद्यार्थियों को एक और अवसर देते हुए यह व्यवस्था की गई है ताकि किसी एक परीक्षा परिणाम के कारण उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित न हो। इस पहल से हजारों ऐसे छात्रों को लाभ मिलेगा जो मामूली अंतर से सफल होने से चूक गए हैं।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी सूचना के अनुसार हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट परीक्षा में एक विषय में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। वहीं कम्पार्टमेंट परीक्षा में दो विषयों में अनुत्तीर्ण छात्र किसी एक विषय की परीक्षा देने के पात्र होंगे। इसके लिए 256.50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में मानविकी, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के ऐसे विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे जो किसी एक विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण हैं। व्यावसायिक वर्ग के ट्रेड विषयों के ऐसे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं जो किसी एक प्रश्नपत्र में असफल रहे हैं। इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा का शुल्क 306 रुपये रखा गया है।

ऑनलाइन आवेदन के बाद विद्यार्थियों को आवेदन पत्र और शुल्क जमा करने के चालान की मूल प्रति डाउनलोड कर अंतिम तिथि के तीन दिनों के भीतर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में पंजीकृत डाक से भेजना होगा।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन विषयों में लिखित, प्रायोगिक या प्रोजेक्ट कार्य शामिल हैं, उनके लिए निर्धारित नियमों के अनुसार परीक्षा आयोजित की जाएगी। लिखित, प्रायोगिक और प्रोजेक्ट परीक्षाओं की तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular