लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में किसानों और पशुपालकों के हित में मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना लागू करने का निर्णय लिया गया।
साथ ही शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम बदलकर ‘परशुरामपुरी’ करने और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों के अवसर बढ़ाने का भी फैसला लिया गया।
सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए 60 करोड़ रुपये के बजट के साथ पशुधन बीमा योजना को मंजूरी दी है। योजना के तहत बीमा प्रीमियम का 85 प्रतिशत हिस्सा सरकार और 15 प्रतिशत लाभार्थी वहन करेगा।
इस योजना में महामारी, प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना से पशुओं की मृत्यु अथवा स्थायी रूप से अपंग होने की स्थिति में आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य 2.28 लाख से अधिक पशुओं का बीमा कराना है। दावा स्वीकृत होने के बाद बीमा राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
कैबिनेट ने शाहजहांपुर जिले के नगर पालिका परिषद जलालाबाद का नाम बदलकर ‘परशुरामपुरी’ करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी। सरकार का कहना है कि यह क्षेत्र भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है और लंबे समय से स्थानीय स्तर पर नाम परिवर्तन की मांग की जा रही थी। अधिसूचना जारी होने के बाद नया नाम आधिकारिक रूप से लागू हो जाएगा।
