Homeउत्तर प्रदेशUP Census 2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, घर बैठे ऑनलाइन...

UP Census 2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे परिवार का ब्योरा

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार लोगों को अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कराने के लिए गणनाकर्मियों का इंतजार नहीं करना होगा। प्रदेश में 16 नवंबर से स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया शुरू होगी।

इसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का पूरा विवरण दर्ज कर सकेंगे। यह सुविधा 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर परिवारों का विवरण जुटाएंगे और ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारियों का सत्यापन करेंगे। प्रदेश की प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा के मुताबिक, पहली बार डिजिटल जनगणना में लोगों को खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने का विकल्प दिया गया है।

ऑनलाइन स्वगणना करना अनिवार्य नहीं

स्वगणना की प्रक्रिया पूरी तरह स्वैच्छिक रखी गई है। जो लोग ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनके घर पहुंचकर गणनाकर्मी परिवार का विवरण एकत्र करेंगे। इसके लिए भारत सरकार ने https://se.census.gov.in पोर्टल तैयार किया है।

पोर्टल पर सबसे पहले उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। मोबाइल पर आए ओटीपी से सत्यापन करने के बाद अपनी पसंद की भाषा चुनकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

घर की लोकेशन भी करनी होगी दर्ज

ऑनलाइन फॉर्म भरते समय परिवार के निवास स्थान की पूरी जानकारी देनी होगी।

इसमें जिला, गांव या शहर, मोहल्ला और आसपास के प्रमुख स्थान का विवरण शामिल होगा। इसके अलावा डिजिटल नक्शे पर घर की सही लोकेशन भी चिह्नित करनी होगी।

इसके बाद परिवार के मुखिया सहित सभी सदस्यों से जुड़े सवालों के जवाब भरने होंगे। सभी जानकारियों की जांच करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। फॉर्म जमा होते ही एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) जारी होगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है।

गणनाकर्मी के घर पहुंचने पर यह आईडी दिखानी होगी, ताकि पहले से दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके।

परिवार से पूछे जाएंगे 40 सवाल

जनगणना के दूसरे चरण में परिवार और उसके सदस्यों से संबंधित करीब 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, उम्र, लिंग, परिवार में आपसी संबंध, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार, मातृभाषा और दिव्यांगता से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं। इसके अलावा जाति और अन्य सामाजिक-आर्थिक विवरण भी जुटाए जाएंगे।

ऐसे पूरी करें ऑनलाइन स्वगणना

1. सबसे पहले https://se.census.gov.in पोर्टल खोलें।

2. राज्य के विकल्प में उत्तर प्रदेश चुनें।

3. परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें।

4. ओटीपी के जरिए मोबाइल नंबर का सत्यापन करें।

5. अपनी पसंद की भाषा चुनें।

6. घर का पता और डिजिटल मैप पर लोकेशन दर्ज करें।

7. परिवार के सभी सदस्यों से जुड़े सवालों के जवाब भरें।

8. जानकारी की जांच कर फॉर्म सबमिट करें।

9. जारी हुई SE ID को सुरक्षित रखें।

स्वगणना की सुविधा से लोगों को जनगणना की प्रक्रिया में भाग लेने का आसान विकल्प मिलेगा। हालांकि, ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद भी गणनाकर्मी घर पहुंचकर जानकारी का सत्यापन करेंगे।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular