Homeउत्तर प्रदेशसीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली फिर नंबर-1, पीलीभीत दूसरे और रामपुर तीसरे...

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली फिर नंबर-1, पीलीभीत दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जारी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की रैंकिंग में बरेली ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। पीलीभीत दूसरे और रामपुर तीसरे पायदान पर रहा। खास बात यह है कि टॉप-3 में बरेली मंडल और आसपास के जिलों का दबदबा देखने को मिला। वहीं राजधानी लखनऊ टॉप-10 जिलों की सूची से बाहर रही।

9.37 अंकों के साथ बरेली अव्वल

बरेली के डीएम अविनाश सिंह के मुताबिक मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिले में विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जा रहा है। जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ बेहतर फीडबैक पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अक्टूबर की रैंकिंग में बरेली को 10 में से 9.37 अंक मिले हैं। इसके साथ ही जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं पीलीभीत ने 9.29 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया।

रामपुर लगातार 10वें महीने मंडल में अव्वल

रामपुर के डीएम अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार सीएम डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन जनशिकायतों के निस्तारण, फीडबैक, विकास योजनाओं की प्रगति, राजस्व कार्यों और कानून व्यवस्था समेत विभिन्न मानकों पर किया जाता है।

अक्टूबर की रैंकिंग में रामपुर ने 91.20 प्रतिशत यानी 10 में से 9.12 अंक हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही रामपुर मुरादाबाद मंडल में लगातार 10वें महीने पहले स्थान पर बना रहा। मंडल के अन्य जिलों में मुरादाबाद को प्रदेश में 10वां, संभल को 13वां, अमरोहा को 45वां और बिजनौर को 60वां स्थान मिला।

शाहजहांपुर समेत सात जिले टॉप-10 में

अक्टूबर की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में शाहजहांपुर ने 9.11 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया। ललितपुर 9.10 अंकों के साथ पांचवें और बागपत 9.08 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहा।

इसी तरह हमीरपुर को 9.05 अंकों के साथ सातवां, अंबेडकरनगर को 9.01 अंकों के साथ आठवां और आजमगढ़ को 9.00 अंकों के साथ नौवां स्थान मिला। वहीं 8.99 अंकों के साथ मुरादाबाद दसवें पायदान पर रहा।

इस रैंकिंग से साफ है कि जिलों में प्रशासनिक कामकाज, जनशिकायतों के निस्तारण और विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज है।

RELATED ARTICLES

Most Popular