Homeउत्तर प्रदेशयूपी में निवेश बढ़ाने की तैयारी, सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल से मिलेंगे सीएम...

यूपी में निवेश बढ़ाने की तैयारी, सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल से मिलेंगे सीएम योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख निवेश और औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार निवेश आकर्षित करने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश, नवाचार और उद्योग के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उनके मुताबिक, बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और निवेश के अनुकूल माहौल से वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में हुए बदलावों का उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने पिछली सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।

2017 के बाद निवेश नीति में बदलाव का दावा

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए स्पष्ट दृष्टि और ठोस कार्ययोजना का अभाव था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नई कार्यसंस्कृति विकसित की है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार ने रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र के साथ नीतिगत सुधारों, बेहतर कार्यप्रणाली और औद्योगिक विकास पर जोर दिया है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने के साथ नए उद्योग स्थापित करना और रोजगार के अवसर पैदा करना है।

सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल से निवेश पर चर्चा

उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक करेंगे। इसमें प्रदेश में निवेश के नए अवसरों, पहले से प्रस्तावित परियोजनाओं को गति देने और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

बैठक में औद्योगिक परियोजनाओं को उत्पादन के चरण तक पहुंचाने और निवेश के जरिए प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर रहने की उम्मीद है।

वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य

प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि निवेश प्रस्तावों को वास्तविक औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों में बदला जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर निवेश से नया उद्योग, हर उद्योग से नया रोजगार और हर रोजगार से परिवारों में खुशहाली आए।

RELATED ARTICLES

Most Popular