Homeउत्तर प्रदेशयूपी में 'मिशन छाया' की शुरुआत, सड़कों के किनारे लगेंगे 2 करोड़...

यूपी में ‘मिशन छाया’ की शुरुआत, सड़कों के किनारे लगेंगे 2 करोड़ से अधिक पौधे

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में ‘पौधरोपण महायज्ञ-2026’ के तहत बड़े पैमाने पर ‘मिशन छाया’ अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश की सड़कों, एक्सप्रेसवे और सार्वजनिक स्थलों के किनारे 2 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाएंगे, ताकि हरियाली बढ़ाने के साथ ही हीटवेव के प्रभाव को कम किया जा सके।

वन विभाग के अनुसार, सड़क किनारे पौधरोपण के लिए 2336 स्थलों पर 11,325 हेक्टेयर क्षेत्र चिह्नित किया गया है। अभियान के तहत पीपल, बरगद, पाकड़, नीम, शीशम, जामुन, महुआ, आम, अर्जुन, महोगनी, गुलमोहर, अमलतास, कचनार और अन्य छायादार एवं फलदार प्रजातियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

गंगा एक्सप्रेसवे पर 5.50 लाख पौधे

594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे की दोनों पटरियों के किनारे लगभग 500 हेक्टेयर क्षेत्र में 5.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। हर एक किलोमीटर पर हरिशंकरी (पीपल, बरगद और पाकड़) का रोपण किया जाएगा। पौधों की सुरक्षा के लिए तारबंदी और सिंचाई हेतु ड्रिप इरिगेशन की व्यवस्था भी की जाएगी।

इन प्रमुख मार्गों पर भी होगा पौधरोपण

अभियान के तहत दिल्ली-लखनऊ मार्ग, गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे तथा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सहित कई प्रमुख मार्गों पर पौधे लगाए जाएंगे।

कई विभाग मिलकर करेंगे अभियान

वन विभाग के साथ ग्राम्य विकास, पंचायती राज, नगर विकास, लोक निर्माण विभाग और आवास विकास सहित कई विभाग इस अभियान में भागीदारी करेंगे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की सड़कों के किनारे ट्री गार्ड के साथ पौधरोपण कराया जाएगा।

मुख्य वन संरक्षक (प्रचार/प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि ‘मिशन छाया’ के तहत प्रदेशभर में छायादार और फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। विशेष रूप से गंगा एक्सप्रेसवे पर 5.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जबकि अन्य प्रमुख एक्सप्रेसवे और मार्गों पर भी बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular