Homeउत्तर प्रदेशयूपी में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 75 जिलों में...

यूपी में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 75 जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में अगले चार दिनों तक भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 5 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश होने की संभावना है।

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पूर्वी विदर्भ और पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़ के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके विदर्भ और दक्षिण मध्य प्रदेश होते हुए आगे बढ़ने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज होंगी और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिला। कहीं झमाझम बारिश हुई तो कहीं हल्की फुहारें पड़ीं। कई जिलों में बादल छाने के बाद धूप निकलने से उमस बढ़ गई, जबकि अच्छी बारिश वाले क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश की उम्मीद में बैठे किसानों के लिए भी यह मौसम राहत लेकर आया है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 75 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने सहारनपुर, मेरठ, आगरा, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular