HomeUncategorizedनारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार के लिए यूपी में विशेष अभियान,...

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार के लिए यूपी में विशेष अभियान, मंत्री जयवीर सिंह के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 16 से 18 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले विशेष संसद सत्र के मद्देनजर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संस्कृति विभाग के अधिकारियों और अधीनस्थ अकादमियों को इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा है। मंत्री जयवीर सिंह ने इस अधिनियम को महिला सशक्तिकरण, समानता और सामाजिक समता की दिशा में एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम बताया।

मंत्री ने जानकारी दी कि 10 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक पूरे उत्तर प्रदेश में इस अधिनियम के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत संस्कृति विभाग द्वारा कला और नवाचार के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सैंड आर्ट, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, लोकगीत और अन्य स्थानीय कला विधाओं के जरिए लोगों के बीच संवाद और विचार मंथन को बढ़ावा दिया जाएगा।

संस्थाओं को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां

अभियान के सफल संचालन के लिए संस्कृति विभाग की विभिन्न संस्थाओं को विशेष जिम्मेदारियां दी गई हैं। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ को नारी शक्ति वंदन विषय पर हस्ताक्षर अभियान चलाने और नारी स्वावलंबन पर फिल्म निर्माण का कार्य सौंपा गया है। वहीं राज्य ललित कला अकादमी, लखनऊ महिला कलाकारों के सहयोग से सैंड आर्ट और चित्रकला कार्यशालाओं का आयोजन करेगी।

नुक्कड़ नाटक, संगीत और लोक कार्यक्रमों से होगा जागरूकता विस्तार

भारतेन्दु नाटक अकादमी, लखनऊ द्वारा नारी सशक्तिकरण और स्वावलंबन पर आधारित नुक्कड़ नाटक और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी भी विभिन्न संगीत विधाओं के माध्यम से इस अधिनियम के समर्थन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके साथ ही लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ लोक संगीत पर आधारित प्रस्तुतियों के जरिए जनसंदेश पहुंचाएगा।

रामायण के नारी चरित्रों पर भी होगा विशेष फोकस

अंतर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, अयोध्या द्वारा रामायण के नारी पात्रों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम और डिजिटल रील्स तैयार की जाएंगी, जिससे परंपरा और आधुनिकता के समन्वय के साथ संदेश को व्यापक स्तर पर फैलाया जा सके।

निर्देशों के कड़ाई से पालन के आदेश

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संस्कृति विभाग के अंतर्गत सभी संस्थाओं को आवश्यक शासनादेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिया है कि सभी कार्यक्रम तय समय सीमा के भीतर और पूरी गंभीरता के साथ आयोजित किए जाएं, ताकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।

RELATED ARTICLES

Most Popular