उत्तर प्रदेश में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) में आयोजित भव्य कार्यक्रम के साथ हुआ।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत MY Bharat द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक कर विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10 हजार से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि रहीं। उनके साथ खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, KGMU की कुलपति पद्मश्री प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद, युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एल.वाई. (IAS) और MY Bharat उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय मौजूद रहे। कार्यक्रम में 300 से अधिक MY Bharat स्वयंसेवकों और KGMU के छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त भारत का संकल्प लिया।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा कम-से-कम एक व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि यदि हर युवा किसी एक व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करे, तो नशामुक्त समाज का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है। उन्होंने KGMU द्वारा गोद लिए गए गांवों में सर्वे कर नशे से प्रभावित लोगों की पहचान करने और उन्हें चिकित्सकीय व सामाजिक सहयोग देने की भी सलाह दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज की प्रगति का सबसे बड़ा दुश्मन है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक खेल, फिटनेस, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पूरे देश में चलाया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशामुक्त समाज बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। वहीं KGMU की कुलपति प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद ने स्वस्थ जीवनशैली को नशामुक्त समाज की आधारशिला बताते हुए युवाओं से इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।

MY Bharat के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने बताया कि 100 सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेशभर में वॉकाथॉन, खेल एवं फिटनेस गतिविधियां, योग, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, डिजिटल ई-प्लेज और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अधिकारियों और युवाओं ने सामूहिक रूप से ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की शपथ लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
