न्यूज डेस्क, लखनऊ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नीट एमडीएस-2026 के तहत प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग 21 अगस्त 2026 से शुरू होगी। महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण (डीजीएमई), उत्तर प्रदेश के कार्यालय की ओर से काउंसिलिंग की समय-सारिणी और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
काउंसिलिंग के माध्यम से प्रदेश के राजकीय और निजी क्षेत्र के डेंटल कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में संचालित एमडीएस पाठ्यक्रम की स्टेट कोटे की सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण, शुल्क जमा करने और च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण 21 अगस्त को सुबह 11 बजे से 27 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे तक किया जा सकेगा। वहीं, पंजीकरण शुल्क और धरोहर धनराशि जमा करने की अंतिम समय सीमा 27 अगस्त को दोपहर 2 बजे तक निर्धारित की गई है।
काउंसिलिंग के लिए मेरिट सूची 27 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को कॉलेज और पाठ्यक्रम के लिए अपनी पसंद दर्ज करने का अवसर मिलेगा।
29 अगस्त से च्वाइस फिलिंग
अभ्यर्थी 29 अगस्त को शाम 5 बजे से 1 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे। इसके बाद उपलब्ध सीटों और अभ्यर्थियों की मेरिट के आधार पर सीट आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सीट आवंटन का परिणाम 2 सितंबर 2026 को घोषित किया जाएगा। सीट मिलने के बाद अभ्यर्थी 3 सितंबर से 8 सितंबर 2026 तक आवंटन पत्र डाउनलोड कर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
डीजीएमई कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे काउंसिलिंग से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करें। किसी भी चरण में समय सीमा चूकने पर अभ्यर्थी काउंसिलिंग प्रक्रिया से बाहर हो सकते हैं।
