रिपोर्ट- अंकित पाण्डेय
हमीरपुर। त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई के बीच हमीरपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मौदहा कोतवाली क्षेत्र में एसडीएम की छापेमारी के दौरान एक मिठाई दुकानदार ने अधिकारियों के बार-बार कहने के बावजूद अपनी दुकान की मिठाई खाने से इनकार कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है

एसडीएम की छापेमारी से मचा हड़कंप
मौदहा कस्बे स्थित एक स्वीट हाउस में प्रशासन की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मिठाई की गुणवत्ता को लेकर टीम ने जांच की। इसी दौरान एसडीएम ने दुकान संचालक से मिठाई खाने के लिए कहा, लेकिन दुकानदार ने मिठाई खाने से साफ इनकार कर दिया।
अधिकारियों ने कई बार दुकानदार से मिठाई खाने को कहा, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सैंपल लेकर मिठाई कराई नष्ट
जांच टीम ने मिठाई का सैंपल लेकर उसे जांच के लिए सुरक्षित किया। वहीं, संदिग्ध मिलावटी मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया गया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद इलाके में अन्य मिठाई दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया।
प्रशासन की ओर से त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मौदहा के स्वीट हाउस की कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा बताई जा रही है।
