पहले सीजन की सफलता के बाद यूपी प्रो हैंडबॉल लीग (UPPHL) का दूसरा संस्करण जनवरी 2027 में लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। इस बार लीग का दायरा बढ़ाते हुए छह के बजाय आठ टीमें मैदान में उतरेंगी। खास बात यह है कि पहली बार लखनऊ की टीम भी लीग का हिस्सा बनेगी।
आयोजकों के मुताबिक, इस बार विजेता टीम को 2.50 लाख रुपये और उपविजेता को 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा आइकॉनिक ओलंपिक गेम्स अकादमी की ओर से दोनों फाइनलिस्ट टीमों को 50-50 हजार रुपये का अतिरिक्त पुरस्कार भी मिलेगा।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर और यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के सीईओ डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने लीग के नए लोगो का अनावरण किया। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों के 10 अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।
डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने कहा कि पहले सीजन की सफलता ने दूसरे संस्करण को और अधिक भव्य बनाने का विश्वास दिया है। उन्होंने बताया कि लीग प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर मंच उपलब्ध कराएगी। प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे, जिनमें 9 खिलाड़ी उत्तर प्रदेश से और 9 खिलाड़ी अन्य राज्यों या विभागों से शामिल किए जाएंगे।
लीग के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक अमित पांडेय ने बताया कि पहले सीजन की टीमों मथुरा ब्रज स्टार, गोरखपुर राउडीज, काशी किंग्स, नोएडा थंडर्स, गाजियाबाद पैंथर्स और बर्बरीक वारियर्स के साथ इस बार लखनऊ और कन्नौज की नई टीमें भी हिस्सा लेंगी।
खिलाड़ियों का पंजीकरण 15 अगस्त 2026 से शुरू होगा। सितंबर और अक्टूबर में गोरखपुर, अयोध्या और लखनऊ में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, जबकि खिलाड़ियों की नीलामी दिसंबर 2026 में वाराणसी में होगी। प्रत्येक टीम के लिए 5 लाख रुपये का ऑक्शन पर्स निर्धारित किया गया है और कुल ऑक्शन पर्स 40 लाख रुपये होगा।
लीग में सभी आठ टीमें राउंड-रॉबिन प्रारूप में मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ में प्रवेश करेंगी और खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
