Homeउत्तर प्रदेशभीषण गर्मी में भी नहीं डगमगाई बिजली व्यवस्था, रिकॉर्ड आपूर्ति के साथ...

भीषण गर्मी में भी नहीं डगमगाई बिजली व्यवस्था, रिकॉर्ड आपूर्ति के साथ यूपी बना देश का नंबर-1 राज्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। इसके बावजूद प्रदेश में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी हुई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने रिकॉर्ड मांग के दौरान भी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

प्रदेश ने 14 और 15 जून को देश में सर्वाधिक डिमांड बिजली आपूर्ति करने वाले राज्य का स्थान हासिल किया। वहीं 16 जून को उत्तर प्रदेश में 30,760 मेगावाट बिजली की रिकॉर्ड मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। खास बात यह रही कि इतनी अधिक मांग के बावजूद कहीं भी बड़े स्तर पर बिजली संकट देखने को नहीं मिला।

ऊर्जा विभाग के आंकड़ों के अनुसार 15 जून को प्रदेश में 29,579 मेगावाट और 14 जून को 29,571 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की गई थी। लगातार तीन दिनों तक रिकॉर्ड स्तर पर बिजली उपलब्ध कराना राज्य की मजबूत ऊर्जा व्यवस्था को दर्शाता है।

बिजली आपूर्ति के मामले में उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु, पंजाब और कर्नाटक जैसे बड़े राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है। सरकार का कहना है कि ऊर्जा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और उत्पादन व वितरण क्षमता बढ़ाने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसका असर शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिल रहा है, जहां पहले की तुलना में बिजली व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।

भीषण गर्मी के बीच रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति ने प्रदेशवासियों को राहत देने के साथ उत्तर प्रदेश को देश में ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की सूची में मजबूती से स्थापित किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular