उत्तर प्रदेश: होली के त्योहार को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने इस बार यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारी की है। बरेली रीजन से चलने वाली बसों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं, ताकि कोई यात्री लंबा इंतजार न करे और सुरक्षित सफर कर सके।
28 फरवरी से 9 मार्च तक प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। चार मार्च को होली है, इसलिए त्योहार से पहले ही बाहर काम करने वाले लोग अपने घर लौटने लगते हैं। इसे देखते हुए विभाग ने पहले से ही रणनीति तैयार कर ली है।
दिल्ली और प्रमुख रूटों पर 300 अतिरिक्त फेरे
सबसे ज्यादा बसें दिल्ली रूट पर चलाई जाएंगी, क्योंकि त्योहार के समय सबसे अधिक यात्री इसी मार्ग से आते-जाते हैं। इसके अलावा आगरा, मथुरा, वृंदावन, कासगंज, हाथरस और गाजियाबाद रूटों पर भी करीब 300 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं।
बरेली रीजन में कुल 642 बसें हैं, जिनमें 40 जनरथ बसें शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है। यात्रियों के बैठने की अलग व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कोई यात्री खड़े होकर यात्रा न करे।
लगातार ऑन-रोड रहने और आपात इंतजाम
मुख्यालय से क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि होलिका दहन तक सभी बसें लगातार रोड पर रहें। खराब बसों की तुरंत मरम्मत के लिए डिपो और वर्कशॉप में विशेष इंतजाम किए गए हैं। रास्ते में जाम या दुर्घटना होने पर क्रेन और राहत व्यवस्था तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी।
बरेली क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने एआरएम और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरी रणनीति साझा की।
चालक और स्टाफ के लिए बोनस योजना
चालक और परिचालकों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। नौ दिन लगातार ड्यूटी करने पर 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 3,600 रुपये, जबकि 10 दिन काम करने वालों को 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 4,500 रुपये तक बोनस दिया जाएगा। डिपो और वर्कशॉप कर्मचारियों के लिए भी 1,800 से 2,100 रुपये तक प्रोत्साहन राशि निर्धारित की गई है।
महिला कंडक्टर का अनुभव
टीवी9 डिजिटल की टीम ने ग्राउंड पर स्थिति जानने के लिए स्टाफ से बात की। एक महिला कंडक्टर ने कहा, “होली पर यात्रियों की संख्या बहुत बढ़ जाती है, इसलिए अतिरिक्त फेरे चलाना जरूरी है। बोनस से काम करने का उत्साह भी बढ़ गया है। हम हर यात्री को सुरक्षित और समय पर घर पहुंचाने की पूरी कोशिश करेंगे।”
यूपी रोडवेज अधिकारियों का दावा है कि इस बार किसी भी यात्री को परेशानी नहीं होने दी जाएगी और त्योहार के समय बसों का संचालन पूरी तरह सुचारू रहेगा।
