उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे तबादला अभियान के तहत शुक्रवार देर रात परिवहन विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया। विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश में नौ संभागीय परिवहन अधिकारियों (आरटीओ) और दो सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (एआरटीओ) का तबादला किया गया है।
तबादला सूची में लखनऊ के आरटीओ (प्रशासन) संजय कुमार तिवारी का नाम भी शामिल है। उनका स्थानांतरण आगरा कर दिया गया है। संजय कुमार तिवारी ने 30 जून 2024 को लखनऊ आरटीओ प्रशासन का कार्यभार संभाला था। वह मिर्जापुर से स्थानांतरित होकर लखनऊ आए थे।
संजय तिवारी का परिवहन विभाग में लंबा प्रशासनिक अनुभव रहा है। वह लखनऊ कार्यालय में एआरटीओ प्रशासन, वरिष्ठ एआरटीओ प्रवर्तन समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने रायबरेली और कानपुर के परिवहन कार्यालयों में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
वहीं, आगरा में तैनात आरटीओ (प्रशासन) अरुण कुमार वार्ष्णेय को लखनऊ का नया आरटीओ प्रशासन बनाया गया है। अब वह राजधानी के परिवहन कार्यालय की जिम्मेदारी संभालेंगे।
परिवहन विभाग में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और विभागीय व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
