उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। 4 मई के बाद से प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने 10 मई तक 45 जिलों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। खासकर 6 और 7 मई को हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही कई जिलों में बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। हालांकि, इस बदलाव के चलते फिलहाल हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है।
आंधी-बारिश से हुआ नुकसान
5 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। संभल में सबसे ज्यादा 130 मिमी बारिश दर्ज की गई। गाजीपुर में दीवार गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि हमीरपुर में टीनशेड गिरने से एक महिला की जान चली गई।
इसके अलावा आगरा, चित्रकूट, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, सीतापुर और बाराबंकी समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित रहा।
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने झांसी, वाराणसी, कौशांबी, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, बलिया, अलीगढ़, गोरखपुर, कुशीनगर, बहराइच, बरेली, इटावा, महोबा, प्रयागराज, रामपुर, मथुरा, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, ललितपुर और गाजियाबाद समेत कई जिलों में चेतावनी जारी की है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। आंधी-बारिश के दौरान खुले में न निकलने, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा बिजली गिरने से बचाव के लिए सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।
