लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने एक बार फिर प्रदेश के 63 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें लखनऊ, गाजियाबाद, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर समेत कई प्रमुख जिले शामिल हैं। विभाग के अनुसार, यह मौसमीय बदलाव अगले चार से पांच दिनों यानी 6 जून तक बने रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। इसके साथ ही 28 मई से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते आंधी-बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में तूफानी हवाओं का खतरा अधिक बना हुआ है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में कुछ जिलों में धूप और उमस का असर भी बढ़ सकता है। लखनऊ, आगरा सहित कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि बीच-बीच में तेज हवाएं और बारिश देखने को मिल सकती है।
सहारनपुर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर, रामपुर, बरेली, संभल, कन्नौज, शाहजहांपुर, बहराइच, मैनपुरी और फिरोजाबाद समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा पूर्वांचल, अवध, पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड के कई जिलों में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
