Homeउत्तर प्रदेशयूपी मौसम अपडेट: 70 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, गर्मी...

यूपी मौसम अपडेट: 70 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, गर्मी से फिलहाल नहीं मिलेगी बड़ी राहत

उत्तर प्रदेश में एक ओर जहां भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 6 जून को राजधानी लखनऊ, वाराणसी, नोएडा, गाजियाबाद समेत प्रदेश के करीब 70 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से अगले 24 घंटों तक आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। हालांकि अगले एक-दो दिनों में इसका असर कमजोर पड़ जाएगा, जिसके बाद मानसून आने तक गर्मी फिर से तेज हो सकती है।

इन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना

मौसम विभाग ने पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इनमें प्रमुख रूप से: बारिश और आंधी का अलर्ट चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, बलिया, कानपुर, आजमगढ़, मऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हाथरस, एटा, मैनपुरी, औरैया समेत प्रदेश के कई जिलों में जारी किया गया है।

तापमान में बड़ी गिरावट के आसार नहीं

बारिश और बादलों के बावजूद तापमान में किसी बड़ी कमी की संभावना नहीं जताई गई है। 5 जून को:

  • बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
  • वाराणसी में 42 डिग्री सेल्सियस
  • झांसी में 41.9 डिग्री सेल्सियस
  • बहराइच में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी तापमान लगभग इसी स्तर पर बना रह सकता है।

शनिवार तक बना रहेगा मौसम का यह मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ, हरियाणा और मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा एक लंबी ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश में मौसम का यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अमौसी स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, इसका प्रभाव शनिवार तक बना रह सकता है।

इस बीच राजधानी लखनऊ समेत कई इलाकों में शुक्रवार को बादलों और हल्की बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि मानसून 24 जून के आसपास गोरखपुर मार्ग से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular