उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी मौसम के उतार-चढ़ाव के बाद अब एक बार फिर भीषण गर्मी की वापसी होने जा रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना जताई है। इसके साथ ही 9 जून से 11 जून के बीच कई जिलों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। रविवार से पारे में वृद्धि शुरू होगी, जबकि मंगलवार से गर्म हवाओं का असर और तेज हो सकता है।
शनिवार को बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में तीखी धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। वहीं पूर्वांचल और तराई के कुछ इलाकों में सुबह बादलों की आवाजाही और तेज हवाएं देखने को मिलीं।
झांसी रहा सबसे गर्म शहर
शनिवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा में 42.2 डिग्री, उरई और फतेहपुर में 41.4 डिग्री तथा वाराणसी में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी लखनऊ में भी बढ़ेगी तपिश
राजधानी लखनऊ में शनिवार को उमस और तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और 10 जून के आसपास लखनऊ में भी लू के थपेड़े महसूस किए जा सकते हैं।
इन दिनों बरतें सावधानी
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और तेज धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
