रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (UPSSF) की 05वीं वाहिनी, सहारनपुर द्वारा शुक्रवार को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेनानायक डॉ. एम.पी. सिंह के निर्देशन में एडमिन बिल्डिंग, दुहाई में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया
अतिथि डॉ. चंद्र प्रकाश आर्य ने “बॉडी डिटॉक्स एवं माइंड-बॉडी बैलेंस” विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाए रखना स्वस्थ जीवन की कुंजी है। साथ ही उन्होंने उपस्थित कर्मियों को नियमित दिनचर्या और स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. आशा आर्य, डॉ. बी.एस. यादव तथा सुनहरी दिशा चेरिटेबल ट्रस्ट की ज्योति सिंह तोमर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए अपने-अपने क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सेनानायक डॉ. एम.पी. सिंह ने सभी अतिथियों को सम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान कर स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार, निरीक्षक किरनराज, निरीक्षक अजय सिंह, निरीक्षक सुनीता राणा, उपनिरीक्षक मोहसिन चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
