Homeउत्तर प्रदेशUPTET परीक्षा में सॉल्वर गैंग पर बड़ा प्रहार, फर्जी आधार और बायोमेट्रिक...

UPTET परीक्षा में सॉल्वर गैंग पर बड़ा प्रहार, फर्जी आधार और बायोमेट्रिक जांच से दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट -अजयपाल यादव

बदायूं। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 के दौरान बदायूं में सॉल्वर गैंग की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। प्रशासन की हाईटेक निगरानी और बायोमेट्रिक सत्यापन व्यवस्था के चलते दो फर्जी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पहली पाली में एक युवक फर्जी आधार कार्ड के जरिए परीक्षा देने पहुंचा था, लेकिन जांच के दौरान उसकी पहचान संदिग्ध मिलने पर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। वहीं दूसरी पाली में बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के दौरान एक अन्य युवक की पोल खुल गई। जांच में सामने आया कि वह अपने दोस्त की जगह परीक्षा देने आया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एटा निवासी विवेक कुमार और फिरोजाबाद निवासी सोनवीर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस और प्रशासन अब इस पूरे मामले को सॉल्वर गैंग से जोड़कर जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है, ताकि परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी निगरानी को और मजबूत किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा में सेंध लगाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular