उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) को गठन के 15 साल बाद अपना स्थायी भवन मिलने जा रहा है। अगले सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किए जाने की तैयारी है। इसके लिए एसडीएमए की ओर से मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है। करीब 66 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन का निर्माण लगभग पांच महीने पहले पूरा हो चुका है।
प्रदेश में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार ने 12 जनवरी 2011 को एसडीएमए का गठन किया था। हालांकि, अपना भवन न होने के कारण अब तक इसका कार्यालय पिकप भवन से संचालित किया जा रहा था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 जून 2023 को गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में एसडीएमए भवन का शिलान्यास किया था। सरकार ने निर्माण कार्य पूरा करने के लिए दिसंबर 2025 तक का लक्ष्य तय किया था, लेकिन कार्यदायी संस्था ने जनवरी 2026 में ही भवन का निर्माण पूरा कर लिया।
निर्माण पूरा होने के बाद से भवन के उद्घाटन का इंतजार किया जा रहा था। हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा आपदा प्रबंधन कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने भवन लोकार्पण का मुद्दा उठाया था। इसके बाद शासन ने एसडीएमए को जल्द से जल्द नए भवन में कार्यालय स्थानांतरित करने के निर्देश दिए
