Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी में सीएम योगी के समर्थन में पोस्टर चर्चा में, '27 में...

वाराणसी में सीएम योगी के समर्थन में पोस्टर चर्चा में, ’27 में आएंगे गाय वाले’ स्लोगन से बढ़ी सियासी हलचल

वाराणसी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में लगाया गया एक पोस्टर राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है। मुख्यमंत्री के शहर आगमन से पहले सर्किट हाउस क्षेत्र में लगाए गए इस पोस्टर में योगी आदित्यनाथ को बुलडोजर के साथ दिखाते हुए उन्हें विकास, सुरक्षा और सनातन का संरक्षक बताया गया है।

पोस्टर पर लिखा स्लोगन “तीन बार चाय वाले, 27 में आएंगे गाय वाले” लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। यह पोस्टर भाजपा कार्यकर्ता दीपक सिंह राजवीर की ओर से लगाया गया है।

दीपक सिंह राजवीर ने बताया कि यह पोस्टर केवल मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए नहीं, बल्कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के संकल्प का भी प्रतीक है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्यों को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि “गाय, गंगा और गायत्री के संरक्षक तथा गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ का काशी में स्वागत है। 2027 में भी भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत से उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएंगे।”

गौरतलब है कि भाजपा संगठन भी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा है। ऐसे में वाराणसी में लगे इस पोस्टर ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, यह पोस्टर एक भाजपा कार्यकर्ता द्वारा लगाया गया है और इसे पार्टी की आधिकारिक घोषणा के रूप में नहीं देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular