रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में प्रेम संबंध और शादी को लेकर विवाद का एक मामला सामने आया है। बड़ागांव थाना क्षेत्र में बाबतपुर एयरपोर्ट रोड स्थित एक होटल के कमरे में युवक ने अपनी भाभी की बहन की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने भी फंदे से लटककर जान दे दी। होटल के कमरे से दोनों के शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। पुलिस को घटनास्थल से सिंदूर की एक डिब्बी भी मिली है। शुरुआती जांच में शादी को लेकर विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है।
पति-पत्नी बताकर होटल में बुक कराया कमरा
मृतकों की पहचान मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बीएलडब्ल्यू निवासी जय विकास (20) और बड़ागांव के बसनी निवासी प्रिया केसरी (23) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों सोमवार दोपहर करीब एक बजे होटल पहुंचे थे। वहां आधार कार्ड देकर कमरा बुक कराया। जय विकास ने होटल के रजिस्टर में प्रिया को अपनी पत्नी बताया था।
कमरे में पहुंचने के बाद दोनों ने खाने-पीने का सामान भी मंगाया। रात करीब 10 बजे होटल कर्मचारी डिनर का ऑर्डर लेने पहुंचे, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
बाथरूम के पास खून से लथपथ मिला युवती का शव
सूचना मिलने पर पुलिस टीम होटल पहुंची। कमरा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। अंदर बाथरूम के पास प्रिया का शव पड़ा था। उसका गला कटा हुआ था। वहीं, जय विकास का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। उसने प्रिया के दुपट्टे से फंदा बनाया था।
घटना की जानकारी मिलने पर दोनों के परिजन भी होटल पहुंच गए। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई। कमरे में मौजूद सामान से फिंगरप्रिंट जुटाए गए और होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।
पांच साल पहले हुई थी दोनों की जान-पहचान
पुलिस के मुताबिक, करीब पांच साल पहले प्रिया की बहन नीतू की शादी जय विकास के बड़े भाई से हुई थी। इसी रिश्ते के जरिए जय विकास और प्रिया की मुलाकात हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में प्रेम संबंध बन गए।
प्रिया के पिता नंदलाल केसरी उर्फ नप्पल ठेले पर गोलगप्पे और चाट बेचते हैं। परिवार में उसके दो भाई पंकज केसरी और अमित केसरी हैं। प्रिया बड़ागांव में यूनियन बैंक के पास स्थित अनन्या ब्यूटी पार्लर में ब्यूटीशियन का काम करती थी।
जनवरी में तय थी प्रिया की शादी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रिया के परिवार ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। 23 जून 2026 को उसकी सगाई भी हो चुकी थी और जनवरी में शादी होनी थी। बताया जा रहा है कि जय विकास इस रिश्ते से नाराज था। वह प्रिया से शादी करना चाहता था और होटल में सिंदूर की डिब्बी लेकर पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, दोनों के प्रेम संबंधों की जानकारी परिजनों को थी, लेकिन प्रिया के परिवार वाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। प्रिया ने भी परिवार की मर्जी से दूसरी जगह शादी करने की सहमति दे दी थी।
घर नहीं लौटी तो परिजनों ने शुरू की तलाश
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे प्रिया घर से ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन कॉल का जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच की तो दोनों की लोकेशन बाबतपुर इलाके में मिली। इसी बीच होटल से भी कमरे में कोई जवाब नहीं मिलने की सूचना पुलिस को मिल गई। इसके बाद पुलिस दोनों के परिजनों को लेकर होटल पहुंची, जहां दरवाजा खुलवाने पर दोनों के शव मिले।
फिलहाल पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
