HomeUncategorizedविद्या गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल: आदेश के बावजूद नहीं खुला स्कूल, पुलिस पर...

विद्या गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल: आदेश के बावजूद नहीं खुला स्कूल, पुलिस पर सहयोग न करने का आरोप

लखनऊ के नरही स्थित 90 वर्ष पुराने विद्या गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। एडीएम कोर्ट द्वारा विपक्षी पक्ष के पक्ष में दिया गया आदेश निरस्त किए जाने के बावजूद मंगलवार तक स्कूल का ताला नहीं खुल सका। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस पर सहयोग न करने और अनावश्यक शुल्क मांगने का आरोप लगाया है।

विद्यालय की प्रबंधक संतोष रस्तोगी ने बताया कि एडीएम के आदेश की प्रति मिलने के बाद वह स्कूल खुलवाने पहुंचीं, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कहा कि पुलिस शुल्क जमा किए बिना ताला नहीं खुलवाया जा सकता। जब उनसे शुल्क जमा करने की प्रक्रिया और स्थान के बारे में पूछा गया तो स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।

इस मामले को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) ने भी प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि एडीएम ने अपना पूर्व आदेश निरस्त कर दिया है तो विद्यालय का कब्जा तत्काल प्रबंधन, शिक्षकों और छात्राओं को सौंपा जाना चाहिए था।

गौरतलब है कि बीते सप्ताह एडीएम कोर्ट के आदेश के आधार पर पुलिस की मौजूदगी में विद्यालय को खाली कराया गया था। इस कार्रवाई के बाद स्कूल की 250 छात्राओं और उनके अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन और धरना भी दिया था।

माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रादेशिक मंत्री डॉ. आरपी मिश्रा ने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया में विपक्षी पक्ष को ऊपरी अदालत जाने का अवसर देने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि आदेश निरस्त होने के बावजूद कब्जा न सौंपना संदेह पैदा करता है।

वहीं, एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल का कहना है कि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश की प्रति मिलते ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेंद्र पांडेय ने बताया कि एडीएम के आदेश की प्रति प्राप्त हो चुकी है और उनकी मौजूदगी में विद्यालय का ताला खुलवाया जाएगा, जिससे छात्राओं की पढ़ाई फिर से शुरू हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular