लखनऊ। आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती के अवसर पर भाजपा के युवा नेता एवं बीबीडी ग्रुप के प्रेसिडेंट विराज सागर दास ने सोमवार को राजधानी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने लालबाग स्थित वाल्मीकि एकता समिति के हवन-पूजन एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम और परिवर्तन चौक स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम में आयोजित जन्मोत्सव समारोह में शामिल होकर महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान विराज सागर दास ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन, विचारों और रचनाओं का स्मरण करते हुए कहा कि उनके आदर्श समाज में समरसता, सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आदर्श जीवन का महत्वपूर्ण मार्गदर्शक है। उनकी शिक्षाएं सत्य, धर्म, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं। महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनका कृतित्व समाज में समानता, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है।
विराज सागर दास ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को आत्मसात कर ऐसे समाज के निर्माण के लिए प्रयास करना चाहिए, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान मिले और सभी लोग मिलकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान दें। उनके विचार आज भी समाज को एकता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
लालबाग में आयोजित कार्यक्रम में गोपाल वाल्मीकि, दुर्गेश वाल्मीकि, सचिन वाल्मीकि और ऑल इंडिया वाल्मीकि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमल वाल्मीकि सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।
वहीं, शाम को परिवर्तन चौक स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम में आयोजित जन्मोत्सव एवं शोभायात्रा कार्यक्रम में भी विराज सागर दास शामिल हुए। दोनों आयोजनों में महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के आयोजकों ने विराज सागर दास को सम्मानित भी किया।
