Homeउत्तर प्रदेशरात में जगमगाते बाजार व्यापारी के विश्वास का प्रतीक, महिला सुरक्षा से...

रात में जगमगाते बाजार व्यापारी के विश्वास का प्रतीक, महिला सुरक्षा से बढ़ा आत्मविश्वास: सीएम योगी

लखनऊ, 30 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान केवल व्यापारिक गतिविधियों की तस्वीर नहीं हैं, बल्कि व्यापारियों के बढ़ते विश्वास का भी प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ अब कारोबारियों को रात में भी व्यवसाय के विस्तार के नए अवसर मिल रहे हैं।

वहीं, महिलाएं भी नाइट शिफ्ट में बिना किसी डर के अपने कार्यस्थलों पर जिम्मेदारियां निभा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रदेश में सुरक्षा और व्यापारिक माहौल में आए बदलाव का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त होते ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में चिंता बनी रहती थी।

 रात में भी बाजार खुलने से कारोबार को नए अवसर

सीएम योगी ने कहा कि आज नए उत्तर प्रदेश में रात के समय भी बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रौनक बनी रहती है। बाजारों की रोशनी व्यापारी के विश्वास को दर्शाती है। इससे कारोबारियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नाइट शिफ्ट में अपने कार्यस्थल पर निर्भय होकर दायित्व निभाती महिलाओं का आत्मविश्वास केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है।

 जीरो टॉलरेंस नीति से मजबूत हुई कानून-व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा का ऐसा वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया, जिसमें महिलाएं बिना किसी भय के काम कर सकें।

 महिला श्रम बल भागीदारी 13 से बढ़कर 36 प्रतिशत

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में महिला श्रम बल भागीदारी के आंकड़ों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में महिला

श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। उनके मुताबिक, यह महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सामर्थ्य और स्वावलंबन को दर्शाता है।

सीएम योगी ने इसे ‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर बढ़ते नए उत्तर प्रदेश की पहचान बताया।

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular