उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार किया गया। राजधानी लखनऊ स्थित जनभवन के गांधी सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी तथा ऊंचाहार से विधायक मनोज कुमार पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। वहीं कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, कैलाश सिंह राजपूत और हंसराज विश्वकर्मा को राज्यमंत्री के रूप में शामिल किया गया।
इसके अलावा योगी सरकार में पहले से राज्यमंत्री रहे अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को प्रमोट कर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। शपथ लेने के बाद सभी नवनियुक्त मंत्रियों ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिवादन किया।
समारोह के दौरान गांधी सभागार ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त
राज्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि भूपेंद्र सिंह चौधरी विधान परिषद सदस्य हैं और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वहीं कृष्णा पासवान खागा, सुरेंद्र दिलेर खैर और कैलाश सिंह राजपूत तिर्वा विधानसभा सीट से विधायक हैं। हंसराज विश्वकर्मा भी विधान परिषद सदस्य हैं।
