मेरठ । तपती सड़कों पर सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे कांवड़ियों के लिए शनिवार का दिन यादगार बन गया। मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। हेलिकॉप्टर से हुई फूलों की बारिश ने शिवभक्तों में नई ऊर्जा भर दी। कांवड़िए हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का अभिवादन करते नजर आए और पूरा कांवड़ मार्ग ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा
फूल नहीं, आस्था और तपस्या का सम्मान
हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा शुरू होते ही कांवड़ियों ने हाथ उठाकर खुशी जताई। हरिद्वार से गंगाजल लेकर फरीदाबाद जा रहे शिवभक्त राहुल ने कहा कि मुख्यमंत्री का कांवड़ियों के बीच आकर उनका सम्मान करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा, योगी जी ने हम पर सिर्फ फूल नहीं बरसाए, हमारी आस्था, तपस्या और भक्ति का सम्मान किया है।
पलभर में उतर गई रास्ते की थकान
दिल्ली निवासी रोहित ने बताया कि कई दिनों की पैदल यात्रा से शरीर थक चुका था। गर्मी, उमस और भीड़ के बीच सफर मुश्किल था, लेकिन हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश और मुख्यमंत्री को सामने देखकर सारी थकान जैसे गायब हो गई।
गाजियाबाद के कांवड़िए मुकुल ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, उससे साफ है कि सरकार शिवभक्तों की यात्रा को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि कांवड़िए सरकार के लिए सिर्फ यात्री नहीं, बल्कि भगवान शिव के भक्त और अतिथि हैं।
भव्य स्वागत की याद लेकर लौटेंगे कांवड़िए
दिल्ली निवासी अनुज ने कहा कि मेरठ में हुए स्वागत को वह घर पहुंचकर भी लोगों को बताएंगे। बुलंदशहर से आईं लक्ष्मी ने पुष्पवर्षा को भावुक कर देने वाला क्षण बताया। वहीं हापुड़ से आईं शिवभक्त विजया और जयंती ने कहा कि शिवभक्ति के साथ ऐसा सम्मान मिलना बेहद सुखद अनुभव है। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान महिला कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
पुष्पवर्षा के बाद कांवड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फूलों से सजे मार्ग पर शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। किसी के हाथ में तिरंगा था तो कोई भगवा ध्वज लहराता नजर आया।
20 मिनट तक हुई पुष्पवर्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 20 मिनट तक कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान मंच पर जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जबकि हेलिकॉप्टर से भी कांवड़ मार्ग पर फूल बरसाए गए।
सीएम को देखकर डीजे पर बजा ‘जो राम को लाए हैं.’
कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में डीजे वाली कांवड़ें भी शामिल थीं। मुख्यमंत्री को मंच पर देखकर कई कांवड़ियों का उत्साह बढ़ गया। कुछ कांवड़ों के डीजे पर धार्मिक गीतों के साथ **‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’** गीत भी बजता सुनाई दिया।
सुरक्षा व्यवस्था भी रही चाक-चौबंद
पुष्पवर्षा के दौरान हजारों शिवभक्त हाईवे के दोनों ओर मौजूद रहे। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालते नजर आए।
कांवड़ियों की भावनाओं का सम्मान करते दिखे सीएम योगी
मुख्यमंत्री के सामने से गुजरने वाले कई कांवड़ यात्री कुछ देर रुककर उनका अभिवादन करना चाहते थे। यातायात बाधित न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री भी हाथ के इशारे से उन्हें आगे बढ़ने के लिए कहते और उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए। कांवड़िए भी अभिवादन कर झूमते हुए आगे बढ़ते रहे।
सीएम योगी ने निभाया गठबंधन धर्म
पुष्पवर्षा कार्यक्रम में भाजपा के साथ एनडीए के घटक दलों के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री की नजर रालोद सांसद चंदन चौहान और बागपत सांसद राजकुमार सांगवान पर पड़ी। सीएम योगी ने दोनों को अपने पास बुलाया और साथ में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कराई।
