Homeमनोरंजनशाहरुख खान बने नंबर-1 सेलिब्रिटी ब्रांड, विराट कोहली पीछे

शाहरुख खान बने नंबर-1 सेलिब्रिटी ब्रांड, विराट कोहली पीछे

रिपोर्ट — प्रिया बाजपाई शुक्ला

मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि क्रॉल इंडिया सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यूएशन 2025 की रैंकिंग है। रिपोर्ट के मुताबिक, किंग खान 177.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 1,691 करोड़ रुपये की ब्रांड वैल्यू के साथ देश के सबसे बड़े सेलिब्रिटी ब्रांड बन गए हैं।

शाहरुख खान ने ब्रांड वैल्यू के मामले में भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। वहीं रणवीर सिंह दूसरे और विराट कोहली तीसरे स्थान पर हैं।

रणवीर सिंह दूसरे, विराट कोहली तीसरे नंबर पर

क्रॉल इंडिया सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यूएशन 2025 के अनुसार, रणवीर सिंह की ब्रांड वैल्यू 162.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर है। इसके साथ वह दूसरे स्थान पर हैं। वहीं विराट कोहली 158.4 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

पिछले साल विराट कोहली इस रैंकिंग में पहले स्थान पर थे। 2024 में उनकी ब्रांड वैल्यू 231.1 मिलियन डॉलर थी, जबकि इस साल यह घटकर 158.4 मिलियन डॉलर रह गई।

सचिन और धोनी भी टॉप-5 में शामिल

रैंकिंग में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर 125.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ चौथे स्थान पर हैं। वहीं महेंद्र सिंह धोनी 115.3 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ पांचवें नंबर पर हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, एमएस धोनी की ब्रांड वैल्यू में बढ़ोतरी की प्रमुख वजह उनके एंडोर्समेंट डील्स में हुई बढ़ोतरी है।

अनन्या, सामंथा और जाह्नवी की रैंकिंग में सुधार

इस साल की रैंकिंग में अनन्या पांडे 19वें, सामंथा रुथ प्रभु 21वें, जाह्नवी कपूर 23वें और श्रद्धा कपूर 24वें स्थान पर हैं। ये सितारे इस साल सबसे अधिक आगे बढ़ने वाले कलाकारों में शामिल रहे।

रिपोर्ट के अनुसार, इन कलाकारों की बढ़ती ब्रांड पार्टनरशिप और एंडोर्समेंट डिमांड ने उनकी रैंकिंग में सुधार करने में अहम भूमिका निभाई है।

टॉप-25 सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यूएशन

सेलिब्रिटी 2025 रैंक ब्रांड वैल्यू (USD मिलियन)
शाहरुख खान 1 177.9
रणवीर सिंह 2 162.9
विराट कोहली 3 158.4
सचिन तेंदुलकर 4 125.9
महेंद्र सिंह धोनी 5 115.3
आलिया भट्ट 6 93.9
दीपिका पादुकोण 7 89.2
ऋतिक रोशन 8 88.9
अमिताभ बच्चन 9 80.8
अक्षय कुमार 10 80
रणबीर कपूर 10 80
रश्मिका मंदाना 12 75.2
सलमान खान 13 73.6
रोहित शर्मा 14 62
करीना कपूर 15 61.8
कार्तिक आर्यन 16 59.8
कियारा आडवाणी 17 51.9
कृति सेनन 18 50.2
अनन्या पांडे 19 48.5
जसप्रीत बुमराह 20 44.6
सामंथा रुथ प्रभु 21 43.1
तमन्ना भाटिया 22 36.5
जाह्नवी कपूर 23 34.2
श्रद्धा कपूर 24 31
अनुष्का शर्मा 25 29.9

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ा सेलिब्रिटीज का इस्तेमाल

रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्रांड्स अब पारंपरिक विज्ञापनों के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सेलिब्रिटीज का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। डिजिटल एंडोर्समेंट्स के जरिए ब्रांड्स बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचने, पर्सनल मैसेज देने और विज्ञापन अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने में सक्षम हो रहे हैं।

पहले डिजिटल एंडोर्समेंट्स किसी सेलिब्रिटी के कुल ब्रांड पोर्टफोलियो का करीब 40 से 60 प्रतिशत हिस्सा होते थे। अब कई प्रमुख सेलिब्रिटीज के लिए यह बढ़कर 60 से 75 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

डिजिटल एंगेजमेंट और AI का भी असर

क्रॉल में वैल्यूएशन एडवाइजरी सर्विसेज के मैनेजिंग डायरेक्टर उमाकांत पाणिग्रही ने कहा कि सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यू पर पारंपरिक एंडोर्समेंट, डिजिटल एंगेजमेंट, सोशल मीडिया पर मौजूदगी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े नए अवसरों का मिला-जुला असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक एंडोर्समेंट से होने वाली कमाई के अलावा एंटरप्रेन्योरशिप से जुड़े काम और कमाई के नए तरीके भी लंबे समय में सेलिब्रिटी की ब्रांड वैल्यू बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular