रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज
थाना एकता के बरौली अहीर क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 चक्का ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि शमशाबाद रोड पर नो-एंट्री के बावजूद भारी ट्रक दौड़ रहा था। इसी दौरान ट्रक ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसा कैद होने की बात कही जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे के बाद नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
