रिपोर्ट – अमित शुक्ला
औरैया। अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग 13-बी के पास शनिवार सुबह दर्दनाक रेल हादसे में मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों सूरत में काम करते थे और घर लौट रहे थे। सुबह करीब 6:15 बजे कानपुर की ओर जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, फफूंद थाना क्षेत्र के रायपुर स्थित नगला रामलाल निवासी राजू (पुत्र जयवीर सिंह) अपने मामा कृष्ण (पुत्र दीपचंद), निवासी रेजुआ, एटा के साथ शनिवार सुबह अछल्दा स्टेशन की ओर से रेलवे क्रॉसिंग की तरफ पैदल जा रहा था। इसी दौरान दोनों कानपुर की ओर जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों उछलकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। करीब पांच मिनट तक इंजन की जांच करने के बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया। सूचना मिलने पर पहुंचे गैंगमैन ने रेलवे ट्रैक को साफ कराया। वहीं, स्टेशन मास्टर ने हादसे की जानकारी जीआरपी फफूंद को दी।
मौके पर पहुंचीं राजू की मां मीना देवी ने दोनों शवों की पहचान की। उन्होंने बताया कि राजू और कृष्ण सूरत में काम करते थे। राजू की तबीयत खराब होने के कारण उसके मामा कृष्ण उसे घर छोड़ने के लिए साथ आ रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही दोनों हादसे का शिकार हो गए।
741
राजू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता बाहर रहकर ट्रक चलाते हैं। राजू की पत्नी नेहा और दो साल का बेटा कन्हैया है। वहीं, कृष्ण पांच भाइयों में सबसे बड़े थे और उनकी चार बहनें भी हैं। एक ही हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौत से दोनों घरों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।–
