रिपोर्ट: अंकित पाण्डेय
हमीरपुर में एक तरफ महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति की जागरूकता रैली निकाली जा रही थी, तो दूसरी तरफ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक सामने महोबा डिपो की रोडवेज बस से हादसा हो गया।
आरोप है कि रॉन्ग साइड से बस मोड़ने के दौरान चालक ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर बस पेट्रोल पंप की पटिया पर चढ़ा दी।
गनीमत रही कि पेट्रोल भरवा रहे ग्राहक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया। वहीं, घटनास्थल के पास ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।
पूरा मामला हमीरपुर जिला मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक बाहर का है।
जानकारी के मुताबिक, महोबा डिपो की एक रोडवेज बस को बस स्टैंड पर जगह नहीं मिली, जिसके बाद चालक ने कथित तौर पर रॉन्ग साइड से बस मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान बस ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर पेट्रोल पंप की पटिया पर चढ़ गई।
हादसे के वक्त पेट्रोल पंप पर कुछ ग्राहक पेट्रोल भरवा रहे थे। गनीमत रही कि वे बस की चपेट में आने से बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामे की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने तत्काल बस नहीं रोकी।
इस घटना के बाद यातायात व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद में बसों से जुड़ी घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था पर पर्याप्त निगरानी नहीं दिखाई देती।
फिलहाल, घटना के संबंध में संबंधित अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान मिलने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
