रिपोर्ट: ममता भारद्वाज
त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान पनीर, दूध, मिठाई और कचौड़ी के मसाले समेत कुल आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

विभाग की टीम ने बी.एस. धाकरे, वंश डेयरी, दीपचंद स्वीट्स, मुकेश कुमार सप्लायर, पुष्पक मिष्ठान भंडार और सत्तो लाला कचौड़ी सहित कई प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कलाकंद, पनीर, दूध और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने सील कर जांच के लिए भेजे गए।

अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

