Homeउत्तर प्रदेशचारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-5 पर 70 फीट लंबा टिन शेड गिरा,...

चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-5 पर 70 फीट लंबा टिन शेड गिरा, टीटीई समेत तीन गंभीर घायल

लखनऊ। राजधानी के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-5 का करीब 60 से 70 फीट लंबा टिन शेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में एक टीटीई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों की पहचान टीटीई भूपेंद्र सिंह तथा यात्रियों अभिषेक कुमार और साहिल के रूप में हुई है। तीनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में टीटीई भूपेंद्र सिंह के दोनों पैरों में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।

घटना सुबह करीब 8 बजे उस समय हुई, जब प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक टिन शेड का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा और उसकी चपेट में तीन लोग आ गए। इसी दौरान हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस (13037) प्लेटफॉर्म पर पहुंच रही थी, जिसे एहतियातन हादसा स्थल से पहले ही रोक दिया गया।

RPF जवानों ने तत्परता दिखाते हुए टिन शेड के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। बाद में अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त शेड को हटाने के लिए क्रेन मंगवाई और प्लेटफॉर्म को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारबाग स्टेशन पर रेनोवेशन और कॉनकोर्स निर्माण का कार्य चल रहा है। सूत्रों के अनुसार जिन पिलरों और रेलिंग के सहारे टिन शेड टिका हुआ था, उन्हें निर्माण कार्य के दौरान कुछ स्थानों पर खोला गया था, जिससे शेड का सपोर्ट कमजोर हो गया और वह गिर गया।

डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और घटना की जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार एजेंसी और संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और इंजीनियरिंग टीम ने मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल प्लेटफॉर्म नंबर-5 को ब्लॉक कर दिया गया है और क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का कार्य जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular