रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय
कुरारा (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र के जमरेही तीर गांव के पास यमुना नदी में शनिवार सुबह नहाने गया 18 वर्षीय युवक डूब गया। रविवार को उसका शव नदी में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार भौली गांव निवासी छोटू पुत्र शिव सिंह शनिवार सुबह यमुना नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में जाने से डूब गया। युवक के नदी में डूबने की जानकारी मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। नदी के किनारे उसकी साइकिल भी मिली थी।

शनिवार को काफी तलाश के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका। रविवार को जमरेही तीर के पास यमुना नदी में शव उतराता दिखाई दिया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान छोटू के रूप में की। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
