Homeउत्तर प्रदेश68,500 शिक्षक भर्ती: 78वें दिन अभ्यर्थियों ने मंत्री आशीष पटेल के आवास...

68,500 शिक्षक भर्ती: 78वें दिन अभ्यर्थियों ने मंत्री आशीष पटेल के आवास का किया घेराव

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला 

उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 का मामला एक बार फिर गरमा गया है। आरक्षण की विसंगतियों को दूर कर नियुक्ति देने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने मंगलवार को आंदोलन के 78वें दिन कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के आवास का घेराव किया।

लखनऊ के माल एवेन्यू स्थित मंत्री के आवास के बाहर अभ्यर्थियों ने करीब आधे घंटे तक जमकर नारेबाजी की और सरकार से जल्द न्याय दिलाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने ‘आशीष भैया बाहर आओ, हम पिछड़ों को न्याय दिलाओ’ और ‘हम अपना अधिकार मांगते हैं, नहीं किसी से भीख मांगते हैं’ जैसे नारे लगाए।

इसके साथ ही नियुक्ति शेड्यूल जारी करने की मांग भी जोर-शोर से उठाई। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों को बस में बैठाकर ईको गार्डन भेज दिया।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष वर्मा ने कहा कि मंत्री आशीष पटेल उनके बड़े भाई समान हैं। वे उनसे न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो अभ्यर्थी एक बार नहीं, बल्कि बार-बार मंत्री के आवास पर दस्तक देंगे। जब तक उन्हें न्याय और नियुक्ति नहीं मिलती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

वहीं, आंदोलन के दूसरे नेतृत्वकर्ता तूफान सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी ‘दस्तक दो अभियान’ चला रहे हैं।

यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार नियुक्ति का शेड्यूल जारी नहीं कर देती। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर लगातार सरकार और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों तक आवाज पहुंचा रहे हैं।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि आरक्षण की विसंगतियों के मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की समिति आदेश दे चुकी है। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से भी मामले का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार को निस्तारण के लिए संदर्भित किया गया है। इसके बावजूद अभ्यर्थियों को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।

संशोधित परिणाम और नियुक्ति की मांग

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुसार 150 में से 60 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम जारी किया जाए। इसके साथ ही नियुक्ति प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल घोषित कर जल्द नियुक्तियां दी जाएं।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध सरकार से नहीं, बल्कि आरक्षण की विसंगतियों और इसके लिए जिम्मेदार व्यवस्था से है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular