चुनाव आयोग ने मंगलवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीख़ों की घोषणा कर दी. इस बीच कांग्रेस ने दोनों राज्यों के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं.
कांग्रेस ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए तारिक़ अनवर, अधीर रंजन चौधरी और भट्टी विक्रमार्क मल्लू को वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है.
वहीं कांग्रेस ने मुंबई और कोंकण के लिए राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और जी परमेश्वर को ज़िम्मेदारी दी है.
पार्टी ने महाराष्ट्र के विदर्भ (अमरावती और नागपुर) के लिए छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और उमंग सिंघार को वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है.
कांग्रेस ने पश्चिम महाराष्ट्र के लिए टी.एस.सिंहदेव और एमबी पाटिल को वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. पार्टी ने उत्तरी महाराष्ट्र की ज़िम्मेदारी डी. अनसूया सीताक्का और सैयद नासिर हुसैन की दी है.
इसके अलावा मराठवाड़ा के लिए कांग्रेस ने राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और उत्तम कुमार रेड्डी को वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाया है.
महाराष्ट्र और झारखंड में कब होंगे विधानसभा चुनाव?
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को बताया कि महाराष्ट्र में एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा. वहीं झारखंड में दो चरण में मतदान होंगे. पहले चरण का मतदान 13 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा. दोनों राज्यों में मतगणना 23 नवंबर को होगी.
